इतिहास लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
इतिहास लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 4 नवंबर 2014

सामंती संघर्ष


                       सामंती संघर्ष
   भारत में लोकतंत्र नहीं है, प्रजातंत्र है जिसमें प्रजा ५ वर्षों बाद अपने राजा का चुनाव करके पुनः प्रजा बन जाती है और अगले चुनाव तक शासन पर काबिज सामंतों का अच्छा या बुरा शासन सहने के लिए बाध्य होती है. जबकि लोकतंत्र वह व्यवस्था है जिसकी स्थापना, संचालन एवं नियंत्रण जनता द्वारा होता है . वर्तमान व्यवस्था में सत्तासीन सामंत जनता को तरह-तरह के कष्ट देकर अपना मनोरंजन करते हैं, आनंद उठाते हैं. जैसे नगर निगम आपसे जबरन कर तो लेगी परन्तु सेवा दे या न दे, उसकी इच्छा. सड़क बनवाए न बनवाए उसकी मर्जी. सड़क घटिया बनवाये या बनवाते ही तोड़ दे, आपके घर के रास्ते बंद कर दे, कीचड़ मचा दे, उसकी इच्छा. आप चिल्लाते रहिए , वे आनंदित होते रहेंगे. आप ने आन्दोलन किया तो पकड़ कर मुकदमा कर देंगे. पुराने राजाओं-सामंतों की भांति आज भी क़ानून उनका है, न्याय उनका है.
    आदिकाल से सामंत परस्पर मित्रता और संघर्ष करके अपनी शक्ति बढ़ाते रहे हैं. आज भी वही कर रहे हैं. वर्तमान में मीडिया जिसे गठबंधन कहता है, वह गठबंधन नहीं, सामन्ती व्यवस्था है. पहले जब महाराजा या सम्राट कमजोर हो जाते थे तो उनके दूर राज्यों में बैठे राज्यपाल, गवर्नर स्वयं को स्वतन्त्र राजा घोषित कर देते थे. स्वतन्त्र हो गए तो राजा अन्यथा वे सामंत रहते थे भले ही उन्हें राजा की उपाधि दे दी गई हो. प्राचीन काल में राजा अपने सामंतों के परस्पर मिलने को बड़ी संदेह की दृष्टि से देखते थे . आज भी कोई दो-तीन नेता एक साथ बैठ जाएं तो मीडिया में उन्हीं की चर्चा होने लगती है, उनके मिलने के निहितार्थ ढूढ़े जाते हैं कि वे क्या गुल खिलाने वाले हैं. यदि वर्तमान राजनीतिक घटनाओं को सामंतवाद के सन्दर्भ में देखा जायगा तो अनेक अर्थ स्वयं ही स्पष्ट हो जायेंगे.
    वर्तमान में सर्वाधिक चर्चा भाजपा-शिवसेना के सन्दर्भ में हो रही है. शिवसेना के सर्वेसर्वा उद्धव ठाकरे महाराष्ट्र के स्थापित सामंत हैं. चुनाव के पूर्व वे अपनी शक्ति बढ़ाने के प्रयास में भाजपा को अधिक सीटें नहीं देना चाहते थे. उधर भाजपा (इसके सामंत स्वतन्त्र नहीं हैं.संघ के बिना वे अस्तित्वहीन हैं) अपनी शक्ति बढ़ाना चाहती थी. मित्रता को लांघते हुए दोनों ने अलग-अलग चुनाव लड़े ताकि वे अपनी वास्तविक शक्ति दिखा सकें. भाजपा भारी पड़ गई. अब वह शिव सेना की हेकड़ी समाप्त करना चाह  रही है ताकि वे जैसा कहें वैसा शासन चले. यदि शिव सेना को शामिल किया और वह भाजपा से इतर अपनी योजनाएं लागू करके अपनी प्रतिष्ठा और शक्ति बढ़ाने लगी, तो भाजपा का प्रभाव कम हो जायगा. शतरंज के खेल की भांति उनमें शह और मात का खेल मित्रता पूर्वक चल रहा है. परन्तु खेल में हारा व्यक्ति भी स्वयं को हारा हुआ तो मानता ही है. इस खेल के संघर्ष में भाजपा की क्षति भी हो सकती है . भविष्य में विपक्षी सामंत एक होकर उसे पीछे धकेल सकते हैं जैसे लोक सभा के बाद वाले उपचुनावों में हुआ था.
    महाराष्ट्र के चुनाव से  पूर्व कांग्रेस ( सोनिया गाँधी-राहुल ) और राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार ) के सामंत एक साथ देश के शासन का सुख भोग रहे थे. लोकसभा की करारी हार के बाद पवार ने सोचा कि अलग होने से वे अधिक सीटें पा लेंगे जिससे मुख्यमंत्री उनके दल का बनेगा. परन्तु कांग्रेस और पवार दोनों के दल पिछड़ गए. सत्ता हाथ से चली गई. कहावत है भागते भूत की लंगोटी ही सही. कांग्रेस ने दिल्ली में हारने के बाद बिना शर्त नए सामंत केजरीवाल का समर्थन कर दिया था और स्वयं शून्य प्राय होते हुए भी केजरीवाल का मुंह कांग्रेस के भ्रष्टाचार से दूर भाजपा की ओर मोड़ दिया. उसी तर्ज पर पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस ने भी महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए भाजपा को बिना शर्त समर्थन दे दिया. इससे भाजपा को शक्ति मिल गई और वह शिवसेना से अधिक शक्ति के साथ मोल-तोल करने की स्थिति में आ गई. इससे इतना लाभ तो पवार कांग्रेस को मिलेगा ही कि भाजपा उनके नेताओं के विरुद्ध कार्यवाही से बचेगी. उनकी सामन्ती कड़क कम भले ही हो गई हो, कुछ तो बनी रहेगी.
   सामंतों का कुल सिद्धांत और उद्देश्य सत्ता में भागीदारी प्राप्त करना और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष लाभ लूटना होता है, वह कहीं से भी मिले, कैसे भी मिले. लोकसभा चुनाव के पूर्व भाजपा द्वारा प्रधान मंत्री पद के लिए नरेंद्र मोदी के नाम की घोषणा के बाद बिहार के जनता दल (यू) के सामंत नितीश कुमार परेशान हो गए कि इससे भाजपा का स्तर बहुत बढ़ जायेगा. अतः वे उस भाजपा से अलग हो गए जिसके साथ मिलकर वे बिहार का चुनाव जीते थे और मिलकर सरकार चला रहे थे. बाद में उन्हें लगा कि उनकी शक्ति बहुत कम है. उन्होंने उस लालू और कांग्रेस को अपना साथी बना लिया जिन्हें कोस-कोस कर वे बिहार के मुख्यमंत्री बने थे. ये आज भाजपा के साथ  होते तो नितीश और शरद यादव की प्रतिष्ठा बहुत अधिक होती परन्तु बिना समझ के संघर्ष करने से दोनों की सामन्ती शक्ति घट गई. जबकि भाजपा के साथ जाकर राम बिलास पासवान ने अपनी खोई हुई सामन्ती पहचान को पुनः प्राप्त कर लिया.
  सामंतों का यह संघर्ष दो दलों के मध्य ही नहीं चलता है, एक दल के अन्दर भी चलता रहता है जहाँ एक नेता अपनी सामन्ती शक्ति बढ़ाने अपने दल के सर्वशक्तिमान सामंत को खुश करता रहता है , दूसरे सामंत की बुराई करता रहता है. भाजपा में नरेंद्र मोदी के उभरने की कहानी सबके सामने है . वे अपने दल के बड़े सामंतों लालकृष्ण अडवाणी, सुषमा स्वराज आदि को पीछे छोड़ते हुए किस प्रकार आगे बढ़े हैं और स्वयं को श्रेष्ठ सिद्ध किया है, यह सबने देखा है.

     

रविवार, 26 अगस्त 2012

क्रांतिकारियों के साथ छल ?

                                                       क्रांतिकारियों के साथ छल ?
भारतीय इतिहास लेखन में क्रांतिकारियों के साथ भारी छल किया गया है .जिन क्रांति वीरों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों को न्योछावर किया , इतिहास में उन्हें आतकवादी , जुरमी कहा गया , षड्यंत्रकारी कहा गया , जो भूमिगत होकर कार्य करते, उन्हें भगोड़ा माना गया और स्वतंत्रता का ऐसा इतिहास इंदिरा गाँधी से लेकर राजीव गाँधी तक की  कांग्रेस सरकार ने जनता के पैसों से लिखवाया या प्रकाशित करवाया है  . इन्ही किताबों को पढ़कर लोग आई.ए. एस. , आई. पी. एस बनते रहे जिससे अधिकारियों और नेताओं में राष्ट्र प्रेम जैसी भावनाएं तो दूर , देश को अधिकतम लूटने और निजी स्वार्थ कि भावनाएं प्रबल हो गईं .इसी से भ्रष्टाचार और अराजकता बढ़ती जा रही है .
                      इन इतिहासकारों ने स्वतंत्रता सेनानिनियों के संघर्ष और क्रांति -कार्यों को विद्रोह कहा क्योंकि इनका मानना है कि अंग्रेजों की सरकार एक वैधानिक सरकार थी और वैधानिक सरकार के विरुद्ध संघर्ष विद्रोह होता है .जो विद्रोही है , आतंकवादी है , आतंक वादी जुर्म कर रहा है उसे फांसी नहीं मिलेगी तो और क्या मिलेगा ?और उनके आतंकवादी जुर्म क्या थे --भारतीयों पर जुर्म करने वाले अफसरों तथा उनके भारतीय सहयोगियों को मारना . जिसे अंग्रेजों ने आतंक वादी कहा ,जुरमी कहा, इन्होने भी उनको वैसा ही कहा और देश के युवकों को पढ़ाया . कांग्रेस को इसका लाभ यह मिला कि वह लोगों को यह रटवाने   में सफल हो गई कि आजादी का सारा काम उन्होंने किया है इसलिए केवल उन्हें ही सत्ता में रहने का अधिकार है .यहाँ  पर  उन पुस्तकों से उद्धृत करके कुछ पंक्तियाँ दी जा रही हैं .
१.स्वतंत्रता का इतिहास  लेखक --बिपन चन्द्र ,अमलेश त्रिपाठी , बरुण दे (१९७२), हिंदी अनुवाद , नॅशनल बुक ट्रस्ट ऑफ़ इण्डिया 
 (पृष्ठ ७२)...  उग्रपंथी गुट के नेता तिलक ने बहुत पहले ( बंग भंग आन्दोलन से भी पहले ) अपने युवक अनुयायियों के मन को इतना उत्तेजित कर दिया था जो उनसे निजी तौर पर आतंकवादी कार्य करवाने के लिए काफी था ..
१८९७ में पूना के दामोदर और बालकृष्ण चिपलूणकर बंधुओं ने दो बदनाम अंग्रेज अफसरों की हत्या कर दी  थी .  
(पृष्ठ ७३).... उन्होंने आयरी आतंकवादियों और रूसी निषेध वादियों के चरण चिन्हों पर चलना और उन अधिकारियों की हत्या करना बेहतर समझा जो अपने भारत विरोधी रवैये  या अपने दमनकारी कामों की वजह से काफी बदनाम हो गए थे .
  .....विचार यह था कि शासकों के दिल में आतंक पैदा कर  दिया जाय , जनता को राजनीतिक दृष्टि से उभारा  जाय और अंततः  अंग्रेजों को भारत से खदेड़ दिया जाय .
.....क्रांति कारी आतंकवाद कि तरफ़ जनता का ध्यान गंभीरतापूर्वक तब गया जब खुदीराम बोस और प्रफुल्ल चाकी  नामक दो युवकों ने मुजफ्फरपुर के जिला जज की हत्या का प्रयत्न किया . बहरहाल  बम से दो निर्दोष महिलाओं की जानें  गई . 
   .... अलीपुर में अरविन्द घोष  , उनके भाई बारीन घोष तथा अन्य लोगों पर षड्यंत्र के आरोप में मुकदमा चला . लेकिन जेल के अहाते में ही क्रांतिकारी आतंकवादियों द्वारा मुखबिर की हत्या कर कर दिए जाने से मुकदमें की सुनवाई में बाधा पैदा हो गई . खुदीराम को फांसी दी गई . मुखबिर के हत्या करने वाले सत्येन  बसु और कन्हाई   दत्त को फांसी के तख्ते पर लटका दिया गया .
(पृष्ठ ८८ ) ...बहुत से षड्यंत्रकारियों को या तो फांसी पर लटका दिया गया कालापानी की सजा देकर अंडमान भेज  दिया गया.
........रासबिहारी बोस जापान भाग गए .
(पृष्ठ १२३  )  स्वतंत्रता आन्दोलन चलाने के लिए सुभाष चन्द्र बोस  तथा अन्य नेताओं ने छोटे - छोटे गिरोहों की स्थापना की.
(पृष्ठ १३6 )  २९ मार्च १९३१ को करांची में कांग्रेस अधिवेशन में भगत सिंह की शहादत के सम्बन्ध में प्रस्ताव था . गाँधी जी ने बहुत मुश्किल से यह प्रस्ताव स्वीकार किया , "किसी भी तरह की राजनीतिक हिंसा से अपने को अलग रखते हुए और उसे अमान्य करते हुए , कांग्रेस उनकी वीरता और बलिदान के प्रति अपनी प्रशंसा को लिखित  ढंग से व्यक्त कर रही  है . ''
   इस पुस्तक में तिलक को आतंकवादी कार्यों के लिए उकसाने वाला कहा गया है , क्रांतिकारियों को षड्यंत्रकारी कहा  है, सुभाष चन्द्र बोस जैसे नेताओं के संगठन को 'गिरोह बनाना कहा है ' .
   २. आधुनिक भारत का इतिहास , हिंदी माध्यम कार्यान्वयन निदेशालय , दिल्ली विश्वविद्यालय (१९८७)संशोधित संस्करण (१९९८) .( हिंदी अनुवाद ) राजीव गाँधी के शासन कल में लिखवाई गई पुस्तक .
(पृष्ठ 528 ) ...१९०७--१९०९ के बीच बंगाली क्रांतिकारियों ने काफी आतंकपूर्ण जुर्म किये . १६ दिसंबर १९०७ को मिदना-   पुर के पास लेफ्टिनेंट गवर्नर की  गाड़ियों  को बम से उड़ाने की कोशिश की गई . इसी तरह ढाका के पहले मजिस्ट्रेट एलन को भी क़त्ल करने का प्रयत्न किया गया जो असफल रहा . क्रांतिकारियों ने इसके बाद प्रेसिडेंसी मजिस्ट्रेट किंग फोर्ड को मरने का फैसला किया जिन्होंने कई युवकों को छोटे--छोटे अपराधों के लिए कोड़े लगवाये थे .खुदीराम बोस और प्रफुल्ल चाकी  ने ३० अप्रेल १९०८ को मुजफ्फरपुर में उनकी गाड़ी से मिलतीजुलती  गाडी पर बम फेंका , मगर उस गाड़ी में  दो महिलाएं , श्रीमती केनेडी और उनकी पुत्री थीं , जो मारी  गईं . जब क्रांति कारी प्रफुल्ल को कैद किया गया तो उन्होंने गोली मारकर आत्महत्या कर ली . खुदीराम बोस  पर मुकदमा चलाकर  उन्हें फांसी पर लटका दिया . खुदीराम बोस  शहीद  हुए  और बंगाल के युवकों  की नजर में वे एक बहादुर वीर थे . उनके चित्र घर- घर में लगाये गए और युवकों ने अपनी धोतियों और पोषक के बार्डर  पर खुदीराम बोस  का नाम छपवाया .
 भारत  सरकार अंग्रेज अफसरों की जान पर प्रहार से बहुत भयभीत हो गयी थी और उसने इन आतंक वादी संस्थाओं को ख़त्म करने की ठान ली . मुजफ्फरपुर के हत्याकांड के कुछ दिन  बाद   मानिकतला में क्रांति कारियों के निवासस्थान मुरारी पुकुर पर पुलिस ने छापा मारा और वहां से बम , बारूद इत्यादि चीजें बरामद कीं . अरविन्द घोष और उनके भाई बारीन्द्र घोष सहित ३४ लोग गिरफ्तार कर लिए गए . मगर जब मुकदमा चाल रहा था तो कचहरी में गोली मारकर सरकारी वकील और पुलिस के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट  की हत्या कर दी गई . १५ आतंकवादियों को सजा हुई और उनमें से कुछ ( जिनमे  बारीन्द्र घोष भी शामिल थे ) को आजीवन कारावास देकर काला पानी भेज दिया गया . अरविन्द घोष को रिहा कर दिया गया . नरेंद्र   गोसाईं की , जो सरकारी गवाह बन गए थे , कन्हाई लाल दत्त और सात्येंद्र बोसे ने गोली मारकर हत्या कर दी . दोनों पर मुकदमा चलाया गया और उन्हें फांसी की सजा हुई . मगर बंगाली युवकों  की दृष्टि  में ये वीर शहीद हुए थे  और हजारों लोगों ने उनके शव के जुलूस में हिस्सा लिया .
 इन क्रांतिकारियों के लिए सारे देश में सहानुभूति थी. उनके त्याग और मौत से जूझने के साहस ने भारत के युवकों को देश प्रेम की भावनाओं से उत्साहित किया . आर सी मजूमदार ने लिखा है "यद्यपि बारीन्द्र घोष को कोई स्पष्ट सफलता नहीं मिल सकी , पर बंगाल में क्रांतिकारी आन्दोलन की एक सुदृढ़ नींव डालने और और उसको एक निश्चित रूप तथा  दिशा  प्रदान करने का श्रेय उन्हीं को है . आन्दोलन का यह रूप और दिशा अंत तक कायम रहे  ." 
( पृष्ठ ५३२ )   ....  अमृतसर से आए इंजीनियरिंग के एक विद्यार्थी श्री मदन लाल धींगरा ने १ जुलाई १९०९ को उसे ( कर्जन विली ) अपनी गोली से मार गिराया .......१७ अगस्त १९०९ को धींगरा का अंतिम संस्कार कर दिया गया ( यह अंग्रेजों  ने चुपके से कर दिया था ) . भारत के कई नेताओं ----बीसी पाल , सुरेन्द्र नाथ बनर्जी , गोखले इत्यादि ने शहीद मदन लाल धींगरा की कड़े शब्दों में निंदा की , मगर कई  अंग्रेज राजनीतिज्ञों ने उनकी प्रशंसा की और आयरलैंड के अखबारों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा , " मदन लाल धींगरा को , जिन्होंने अपने देश की खातिर अपना जीवन न्योछावर कर दिया , आयरलैंड अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता है . " 
 इसमें कहा  गया है " बंगाली क्रांतिकारियों ने 'काफी आतंकवादी जुर्म किये ",जैसा अंग्रेजों ने लिखा इन्होने उसकी नक़ल करके लिखा कि वे बंगाल युवकों की नज़र में एक बहादुर देश भक्त थे और अंग्रेजों ने आतंकवादी संस्थाओं को ख़त्म करने की थान ली परन्तु सरकारी इतिहास लेखक स्वयं उन्हें ऐसा नहीं समझते जबकि अंग्रेज लेखकों ने भी उनके बलिदान की प्रशंसा की है .
३. आधुनिक भारत का इतिहास , विद्याधर महाजन ,(२००४ )
  पृष्ठ (५४५) : १९ सवीं  सदी के अंत और बीसवीं सदी के के शुरू में भारत में आतंकवादी आन्दोलन चला . आतंकवाद उग्र राष्ट्रवाद की  एक अवस्था थी पर यह तिलक पक्षीय राजनैतिक उग्र वाद से बिलकुल भिन्न थी .क्रन्तिकारी लोग अपीलों प्रेरणाओं  और शांति पूर्ण संघर्षों को नहीं मानते थे . उन्हें यह निश्चय था  कि पशुबल से स्थापित किये गए साम्राज्यवाद  को  हिंसा के बिना  उखाड़ फेंकना संभव  नहीं . वे अपने आन्दोलन को चलाने के लिए सशस्त्र हमले करने और डकैतियां डालने को कोई बुरी बात नहीं मानते  थे . स पुस्तक में 
 १८९९ में जनता की घृणा के पात्र श्री रैंड  और रिहर्स्ट की हत्या की गई . प्रतीत होता है कि श्याम कृष्ण वर्मा का रैंड  की हत्या से  कुछ सम्बन्ध था  पर वह भाग कर लन्दन पहुंचा . वह १९०५ तक चुपचाप रहा और इसके बाद उसने लन्दन की इंडियन होम रुल सोसायटी को जन्म दिया . उसने इन्डियन सोशिओलोजिस्ट  नाम का एक मासिक पत्र भी शुरू किया . पेरिस के एस आर राणा की मदद से एक हजार रुपये की छ: लेक्चररशिप और दो हजार रूपये  प्रत्येक की  तीन घूमने - फिरने की छात्रवृत्तियां भारतीय छात्रों के लिए पेश की गईं .जिनसे वे बाहर जाकर राष्ट्र सेवा के कार्य  में अपने आप को शिक्षित करें . इस प्रकार लन्दन पहुंचे विद्यार्थियों में एक विनायक दामोदर सावरकर भी थे . श्याम जी कृष्ण  वर्मा के   लन्दन से बच भागने के बाद विनायक सावरकर इण्डिया हाउस में क्रन्तिकारी दल के नेता  हो गए . 
(पृष्ठ ५४७) : खुदीराम बोस  के शहीद होने पर शिरोल ने लिखा है ," बंगाल के राष्ट्रवादियों के लिए वह शहीद और अनुकरणीय हो गया. विद्यार्थियों ने और अन्य बहुत से लोगों ने उसके लिए शोक मनाया और उसकी स्मृति में स्कूल दो-तीन दिन बंद रहे . उसके चित्र बहुत  अधिक बिके और धीरे - धीरे नौजवान लोग ऐसी धोतियाँ पहनने लगे ,जिनकी किनारी में खुदीराम बोस  का नाम खुदा  होता था ."
(पृष्ठ 548) : ...बंगाल के आतंकवादियों ने पुलिस अफसरों , मजिस्ट्रेटों , सरकारी वकीलों, विरोधी गवाहों , गद्दारों , देश द्रोहियों ,इकबाली गवाहों ---किसी को भी नहीं छोड़ा . एक-एक करके सबको गोली से उड़ा दिया गया . आतंवादियों के लिए इसका परिणाम महत्वहीन था . 
(पृष्ठ 549) : उच्च मध्य वर्ग के नेता इस आन्दोलन से सहानुभूति नहीं रखते थे . सर आशुतोष मुखर्जी और एस एन बनर्जी जैसे नेताओं ने सरकार से आतंकवादियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही   करने के लिए कहा . भारतीय राष्ट्रवादी आन्दोलन का नेतृत्व गांधीजी के हाथ में आने पर क्रांतिकारी आन्दोलन धीरे- धीरे ख़त्म हो गया  .......  आतंकवादियों ने १९४२ के विद्रोह , भारतीय नौसैनिक विद्रोह और सुभाष चन्द्र बोस की आजाद हिंद फ़ौज में भी काम किया . 
  . विद्याधर महाजन ने भी लिखा कि भारत में आतंकवादी आन्दोलन चला . महान क्रन्तिकारी जिन्होंने इंग्लॅण्ड और अन्य देशों में जाकर क्रांतिका बिगुल बजने वाले श्याम कृष्ण वर्मा के लिए लिखा कि वह भागकर लन्दन पहुंचा तथा " लन्दन से बच भागने के बाद ..."अर्थात वे कायर थे भगोड़े थे .
आतंकवादियों ने १९४२ के विद्रोह में भारतीय नौसेना के विद्रोह में और सुभाषचंद्र बोस की आजाद हिंद फ़ौज में भी काम किया .अर्थात आजाद हिंद  फ़ौज आतंकवादी थी .
    ये यह भी लिखते हैं कि भारतीय राष्ट्रवादी आन्दोलन का नेतृत्त्व गाँधी जी के हाथ में आने पर क्रन्तिकारी आन्दोलन धीरे- धीरे ख़त्म हो गया . गाँधी जी के हाथ में नेतृत्त्व १९२०-२१ में आ गया था .इसका अर्थ हुआ कि भगत सिंह , सुखदेव , राजगुरु , चंद्रशेखर आजाद , राम प्रसाद बिस्मिल और अश्फाकुला खान   जैसे क्रांतिकारियों के बलिदान और नेता जी सुभाष चन्द्र बोस के कार्य कुछ थे ही नहीं . १९४२ के भारत छोड़ो आन्दोलन में भी  कांग्रेसी नेताओं और गांधीजी के गिरफ्तार होने पर क्रांतिकारियों ने देश भर में हिंसक प्रदर्शन भी किये थे . क्रांतिकारियों के प्रति कांग्रेस के नेताओं का क्या रवैया था उसके भी कुछ उदाहरण यहाँ दिए गए हैं . आश्चर्य है कि इतिहास के प्राध्यापकों ने कभी इस पर विचार और चर्चा नहीं की और वही पढ़ाते आ रहे  हैं जो इतिहास विदेशियों या उनके अनुयायियों ने लिखा है .
         










गुरुवार, 23 अगस्त 2012

मुहम्मद इकबाल (अलामा इकबाल )

मुहम्मद इकबाल (अलामा इकबाल )
   सारे जहाँ से अच्छा हिन्दोस्ताँ हमारा , हम बुलबुले हैं इसकी , यह गुलिस्ताँ हमारा , जैसे कालजयी शेर के शायर मुहम्मद इकबाल हिंदुस्तान,पाकिस्तान की सीमाओं से भी पार ईरान , ईराक , अरब देशों के लोगों के भी दिलों  के बेताज बादशाह थे और आज भी हैं .पाकिस्तान ने उन्हें अपना राष्ट्रीय कवि माना और उनके जन्म दिन (९ नवम्बर १८७७ ) ९ नवम्बर को आज भी वहां राष्ट्रीय अवकाश रहता है  . ये वह शक्सियत हैं जिन्होंने हिन्दू - मुस्लिम द्विराष्ट्र का सिद्धांत दिया था , मुस्लिम लीग के द्वारा उसे परवान चढ़ाया  और जो उनकी मृत्यु(१९३८) के ९ वर्ष बाद पाकिस्तान के रूप में साकार हुआ .
इकबाल के पूर्वज सप्रो गोत्र के कश्मीरी ब्रह्मण थे जो जम्मू से पंजाब के स्यालकोट नगर में आकर बस गए थे और उन्होंने लगभग २५० वर्ष पूर्व इस्लाम धर्म स्वीकार कर लिया था . उनके पिता शेख नूर मुहम्मद दर्जी थे . उनके माता- पिता धार्मिक और नेक इन्सान थे .उनकी प्रारंभिक शिक्षा स्यालकोट में हुई थी . वे ४ वर्ष की आयु में घर पर अरबी सीखने लगे वे बचपन से ही कुशाग्र बुद्धिके थे और पथ को शीघ्र याद कर लेते थे . उन्होंने १८९३ में १०वी ,१८९५ में १२वी , तथा उसके बाद शासकीय महाविद्यालय लाहौर  से  १८९७ में बी.ए.( दर्शन शास्त्र , अंग्रेजी और अरबी साहित्य ) और १८९९ में एम्.ए.( दर्शन शास्त्र )  पास कर लिया जिसमें उन्हें पंजाब विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ था .
   शासकीय महाविद्यालय लाहौर में उन्हें अरबी - फारसी के विद्वान् प्राध्यापक आर्नाल्ड का विशेष स्नेह प्राप्त हुआ तथा उनकी प्रेरणा से उनमें साहित्य के प्रति विशेष रूचि उत्पन्न हुई . लाहौर में उन दिनों मुशायरे की भे धूम रहती थी . इकबाल ने भी उन में शामिल होकर अपने कलाम सुनाना प्रारंभ किया और शोहरत की बुलंदियों को छूने लगे . ग़ज़ल लिखना तो उन्होंने स्कूल से ही शुर कर दिया था . उस समय के प्रसिद्द शायर उस्ताद दाग के पास डाक से वे अपनी रचनाएं भेजते थे . दो - चार ग़ज़लें देखकर उन्होंने कहा कि उनमें सुधार जैसा कुछ भी संभव नहीं है . उनकी ग़ज़लें पूर्ण थीं , बहुत अच्छी थीं . इससे इकबाल का आत्म विश्वास बहुत बढ़ गया और वे जीवन भर लिखते रहे . 
१८९५ में उनका पहला विवाह करीम बीबी से हुआ था .दूसरा सरदार बेगम से और १९१४ में तीसरा विवाह मुख़्तार बेगम से किया था .१८९९ में एम्. ए. पास करते ही वे ओरिएंटल कालेज  में दर्शन -- अरबी के प्रवक्ता नियुक्त्त  हो गए थे . शीघ्र ही वे जूनियर प्रोफेस्सर के पद पर शासकीय महाविद्यालय लाहौर में दर्शन--अंग्रेजी पढाने लगे . अपने दार्शनिक ज्ञान तथा शायराना अंदाज के कारण वे कालेज में तथा बाहर भी लोक्प्रिता प्राप्त करते जा रहे थे .   १९०५ में वे छात्रवृत्ति लेकर अध्ययन करने इंग्लॅण्ड चले गए . वहां उन्होंने कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के ट्रिनिटी कालेज में प्रवेश लिया . वहां   पर उन्होंने १९०६ में बी. ए. , १९०७ में लिंकन इन से बारिस्टर तथा १९०८ में जर्मनी जाकर ' प्रशा में तत्वमीमांसा का विकास '  पर पी-एच.डी .प्राप्त कर ली . उनका शोध प्रबंध शीघ्र  ही प्रकाशित हो गया था लन्दन में उन्होंने ६ माह तक अरबी का अध्यापन भी किया .भारत लौटकर वे अध्यापन के साथ जिला अदालत लाहोर में १९३४ तक वकालत भी करते रहे .  
      दार्शनिक होने के कारण वे चाहते थे कि विश्व एक  इस्लामिक झंडे के नीचे आ जाय अन्य मुस्लिम विद्वानों की भांति वे भी धर्म-समाज- राजनीति को एक ही इस्लामिक दर्शन के विभिन्न पक्ष मानते थे जिन्हें एक - दूसरे से पृथक नहीं किया जा सकता है . उन्होंने ईरान , ईराक , अरब देशों में जाकर अनेक भाषण दिए . मुस्लिम देशों में पृथक सीमाएं उन्हें पसंद नहीं थीं .परन्तु धर्म के नाम पर राजा अपना अधिकार छोड़कर किसी एक महाराजा के आधीन हो  जायेंगे जैसी असंभव राजनीतिक कल्पना देखकर लगता है कि उन्हें राजनीति का ज्ञान नहीं था . अलग देश की सीमाएं तो छोडिये , भारत से जो मुस्लमान वीसा और अनुमति प्राप्त करके  २-४ दिन के लिए पाकिस्तान घूमने भी जाते हैं तो इकबाल के पाकिस्तान में प्रवेश से लेकर लौटने तक पाक जासूस घेरे रहते हैं और उसे कहीं  जेल में बंद न  कर दें ,  पूरे समय उन्हें यह भय बना रहता है .
      भारत में उन्होंने मुस्लिम लीग के सक्रिय सदस्य बनकर राजनीति में प्रवेश किया . १९२० में जब मुस्लिम लीग के नेता आपस में लड़ पड़े और लीग समाप्त प्राय हो गयी तो उन्हें बहुत बड़ा झटका लगा .जिन्ना तो राजनीति से दूर हो गए थे . परन्तु इकबाल ने  जिन्ना को बार- बार पत्र लिख कर प्रेरित किया कि भारत में मुसलमानों के हितों और अधिकारों की रक्षा वही कर सकते हैं . अपने भाषणों में इकबाल भय व्यक्त करते थे कि भारत में बहु संख्यक हिन्दुओं का राज होइने पर मुस्लिम धरोहर , संस्कृति , धर्म सब संकट में फंस सकते हैं . वे जिन्ना की भांति कांग्रेस को हिन्दू पार्टी मानते थे . सिकुलर अर्थात धर्म निरपेक्ष विचार के वे धुर विरोधी थे .क्योंकि वे विश्व में केवल इस्लाम ही चाहते थे .मुस्लिम लीग पुनः प्रारंभ होने पर १९३० में वे उसके अध्यक्ष बने तो इलाहबाद में अपने अध्यक्षीय भाषण में उन्होंने भारत के उत्तर - पश्चिम भाग तथा बंगाल को मुस्लिम राज्य बनाने का विचार प्रथम बार रखा था . जिन्ना जैसा व्यक्ति, जिसने खिलाफत आन्दोलन का समर्थन  इसलिए नहीं किया था कि यह केवल धार्मिक उन्माद के कारण हो रहा है ( जबकि गाँधी जी ने प्रबल समर्थन दिया था )तथा मुस्लिम कट्टर पंथियों से दूर रहता था , इकबाल के कारण कट्टरपंथी हो गया तथा देश का बंटवारा करवाकर ही दम लिया .. इकबाल एक बार लाहौर से मुस्लिम सीट पर पंजाब विधान सभा के लिए चुने गए थे . 
  'संस्कृति  के   चार  अध्याय ' पुस्तक  में  राष्ट्र  कवि  दिनकर  ने  भी  इकबाल  के  लिए  कहा  है ,"इकबाल  की  कविताओं  से  , आरम्भ  में , भारत की सामासिक संस्कृति को बाल मिला था , किन्तु, आगे चलकर उन्होंने बहुत सी ऐसी चीजें भी लिखीं जिनसे हमारी एकता को व्याघात पहुंचा ." 
        पर शायरी में तो उनका कोई मुकाबला ही नहीं था . इकबाल कि शायरी का जब अंग्रेजी में अनुवाद हुआ तो उनकी ख्याति इंग्लॅण्ड तक फ़ैल गई जिससे प्रभावित होकर जार्ज पंचम ने उन्हें 'सर' की उपाधि दी.
बाद में उनकी कविताओं का अनुवाद यूरोप की अन्य भाषाओं में भी हुआ . अरब देशों के लोग भी उनकी शायरी समझें ,इसलिए उन्होंने अधिकांश शायरी फारसी में की है . कुछ पुस्तकें उर्दू में भी हैं . १९३८ में वे स्पेन से लौटे तो गले में कोई असाध्य रोग हो गया जो ठीक नहीं हो सका . लाहौर में दिनांक २१ अप्रेल १९३८ को उनका निधन हो गया . भोपाल के नवाब ने उनके लिए पेंशन स्वीकृत की थी . पाकिस्तान में उनके नाम पर अनेक संस्थाएं हैं . वे पाक ही नहीं ,भारत के लोगों के दिलों में आज भी हैं . उन्हें प्राप्त उपाधियाँ हैं --'शायर -ए- मुशरिफ '( पूर्व के कवि), मुफाकिए - ए- पाकिस्तान(पाकिस्तान के प्रस्तोता ) , हाकिम - उल- उम्मत ,तथा पाकिस्तान के राष्ट्रीय  कवि .
साहित्य सृजन :उन्होंने अधिकांश शायरी फारसी में की है . फारसी की रचनाएँ है --असरारे -खुदी ,रामूजे बेखुदी , पयामे मशरिक , जावेद नामा आदि . उर्दू में - बाल- जिब्रील(पीड़ित जनता ) तथा बांग- ए-दरा(देश भक्त) प्रमुख हैं . गद्य में उनके भाषण समाहित हैं .
   इकबाल की जुबान ही शायरी है . जो कहा ,शेर हो गया . उन्होंने रामुर नानक पर लिखा , धार्मिक सौहार्द्र के लिए शिवाला  जैसी रचनाएँ लिखीं  आजादी और राष्ट्रीयता से ओतप्रोत कविताएँ लिखीं , गरीबों से सहानुभूति  और बच्चों को प्रेरित करने के लिए रचनाएँ प्रस्तुत कीं और कट्टरता तथा आधुनिक शिक्षा के विरोध में भी स्वर मुखरित किये . यहाँ उनकी शायरी के  कुछ बंद   प्रस्तुत हैं  :
१.बच्चों के लिए ( गुलामी का दर्द )
("परिंदे की फ़रियाद " )
आता है याद मुझको गुजरा हुआ जमाना
वह बाग की बहारें , वह सबका चहचहाना .
आजादियाँ कहाँ वे अब अपने घोंसले  की ,
अपनी ख़ुशी से आना , अपनी ख़ुशी से जाना .
२.पहाड़ को गिलाहरी का उत्तर ( समानता, स्वाभिमान )
("एक पहाड़ और एक गिलहरी " से )
कदम उठाने की ताकत ,जरा नहीं है तुझमें
निरी बड़ाई है , खूबी और क्या है तुझमे  ,
जो तू बड़ा है , तो हुनर दिखा मुझको
यह छालियाँ ही तोड़ कर दिखा मुझको .
३.  भारत का गौरव 
(हिन्दुस्तानी बच्चों का कौमी गीत )
चिश्ती ने जिस जमी पर पैगामे हक सुनाया ,
नानक ने जिस चमन में वहदत का गीत गया.
तातारियों ने जिसको अपना वतन बनाया ,
मेरा वतन वही है , मेरा वतन वही है .
४. धार्मिक एक्य ( नया शिवाला )
आ गैरियत  के के परदे इक बार फिर उठा दें ,
बिछड़ों को फिर मिला दें ,नक़्शे दुई मिटा दें .
सूनी पै हुई है मुद्दत से दिल कि बस्ती ,
आ इक नया शिवाल इस देश में बना दें .
५. राष्ट्रीय एकता ( तराना - ए हिंदी )
सारे जहाँ से अच्छा हिन्दोस्ताँ हमारा ,
 हम बुलबुले हैं इसकी , यह गुलिस्ताँ हमारा
मजहब नहीं सिखाता आपस में बैर करना
हिंदी हैं हम ,वतन है हिन्दोस्तां  हमारा .
६.धार्मिक कट्टरता (तराना -ए- मिल्ली )
चीनो अरब हमारा , हिन्दोस्तां हमारा
मुस्लिम हैं हम वतन के , सारा जहाँ हमारा .
तोहीद की अमानत , सीनों में है हमारे  ,
आसां नहीं मितान , नामों - निशान हमारा .
७. अन्य धर्मों का भी आदर ( राम)
इस देश में हुए हैं हजारों मलक - सरिश्त(१)१. देवता -स्वभाव
मशहूर जिनके दम से है दुनिया में नामे हिंद .
है राम के वजूद पे हिन्दोस्तान को नाज ,
अहले नज़र समझते हैं उसको इमामे हिंद .
८.परोपकार भावना (साक़ी)
नशा पिलाके गिरना तो सबको आता है
मज़ा तो जब है कि गिरतों को थम ले साक़ी.
जो बदकाश थे पुराने , वह उठते जाते हैं ,
कहीं से आबे - बक़ा-ए-दवाम ला साक़ी.
कटी है रात तो हंगामा-गुस्तरी में तिरी ,
सहर करीब है अल्लाह का नाम ले साक़ी .
९. दकियानूसी - शिक्षा से नास्तिकता का भय 
( तालीम और उसके नताइज़ )
खुश तो हम भी हैं जवानों की तरक्क़ी  से मगर ,
लबे - खदां (1) से  निकल जाती है फरियाद भी साथ.
हम समझता थे कि फरागत, तालीम ,
क्या ख़बर थी कि चला आएगा इल्हाद (२) भी साथ .
घर में परवेज के शीरीं  तो हुई जलवा नुमा
लेके आई  मगर तेष- ए- फ़रहाद  भी  साथ .
तुख्में- दीगर बकफ़ आरएम व बकारेम जनौ
के आंचे कश्तेम जख्जलत नातवां क़र्द दरौ(३)
-------------------------------------------------
१. स्मित होंठ २. नास्तिकता ३. जब दूसरों का बीज लेकर बोते हैं
 तो उससे लज्जा के अतिरिक्त और कुछ नहीं उग सकता .
---------------------------------------------------------------------
१०. आत्मबल बढ़ाना 
 ख़ुदी को कर बुलंद इतना ,कि हर तक़दीर से पहले ,
ख़ुदा बन्दे से ख़ुद पूछे , बता तेरी रज़ा क्या है .
टीप: ये अंतिम पंक्तियाँ  मनुष्य को आत्मबल-स्वप्रयास से भाग्य बनाने की प्रेरणा देती हैं . इस पर हिन्दू दर्शन का पूरा असर है जिसमें व्यक्ति ख़ुदा के सामने है और ख़ुदा व्यक्ति से पूछ कर उसका  भाग्य लिखने की बात कहता है  . जबकि इस्लाम में ख़ुदा सर्वत्र उपस्थित एक अदृश्य शक्ति है और उसने  लोगों को जो भी सन्देश दिया है  , वह पैगम्बर के माध्यम से दिया है जो कि व्यक्ति के रूप में पृथ्वी पर आये थे .